
हनुमानगढ़/संगरिया (भटनेर एक्सप्रेस) थाना पुलिस ने घर में घुसकर नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई राशि में से 3,560 रुपये भी बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि 26 जून 2026 को वार्ड नंबर 2 संगरिया निवासी विष्णु कुमार ने थाना संगरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 23 जून 2026 की रात दो युवक मकान की दीवार के सहारे छत पर चढ़कर घर में घुस गए और कमरे से 50 हजार रुपये नकद, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज व कागजात चोरी कर ले गए। मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए थानाधिकारी अमर सिंह पूनिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच अधिकारी महेंद्र सिंह सहायक उपनिरीक्षक व टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मनेंदेर सिंह उर्फ मनिंद्र सिंह पुत्र धीरा सिंह ,निवासी वार्ड नंबर 2, संगरिया और लखविंद्र सिंह उर्फ लखा पुत्र रोशन सिंह निवासी वार्ड नंबर 1, इंद्रगढ़, थाना संगरिया की संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की गई नकदी में से 3,560 रुपये बरामद किए हैं। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में एएसआई महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल भागचंद, कांस्टेबल देशराज एवं कांस्टेबल संदीप शामिल रहे। पुलिस मामले में शेष चोरीशुदा सामान की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
