कलाना हत्याकांड का बड़ा खुलासा: मुख्य शूटर विशाल धानक गिरफ्तार, हरियाणा की झज्जर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई पुलिस

भादरा/हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भादरा थाना क्षेत्र के गांव कालाना में मोबाइल दुकान पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग में एक युवक की हत्या और दूसरे को गंभीर रूप से घायल करने के बहुचर्चित मामले में हनुमानगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य शूटर विशाल धानक को हरियाणा की झज्जर जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर भादरा न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 6 जुलाई 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य शूटर विशाल धानक, पवन और एक नाबालिग की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मामले में भादरा थाने में बीएनएस की धाराएं 109(1), 111(2), 115(2), 103(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मुकदमा दर्ज है।
मोबाइल दुकान पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
एसपी ने बताया कि 22 मई 2026 को गांव कालाना में एक मोबाइल दुकान पर फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, आसपास नाकाबंदी करवाई गई और एफएसएल व एमओबी टीम की सहायता से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। फायरिंग में मनीष (22) और संदीप (17) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए राजकीय उप जिला चिकित्सालय भादरा भेजा गया, जहां इलाज के दौरान संदीप की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसआईटी के गठन के बाद अब तक 13 आरोपी पहले ही गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए पहले ही एक नाबालिग सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। इन पर हत्या की साजिश रचने, रेकी करने और वारदात में सहयोग देने के आरोप हैं। अब इस पूरे घटनाक्रम के मुख्य शूटर विशाल धानक को भी झज्जर कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे वारदात में प्रयुक्त हथियार, अन्य सहयोगियों और साजिश से जुड़े पहलुओं पर गहन पूछताछ की जाएगी।
हरियाणा में भी है अपराधों का लंबा रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपी विशाल धानक के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में हत्या, फिरौती, संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इससे आरोपी के संगठित अपराध से जुड़े होने की आशंका भी मजबूत हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और रिमांड के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। कालाना हत्याकांड में शामिल अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
