
हनुमानगढ़ | कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप इंदौरा ने बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ टाउन शहर में रोड शो कर जनसमर्थन जुटाया।
इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप इंदौरा ने बुधवार को कार्यकर्ताओं के साथ टाउन शहर में रोड शो कर जनसमर्थन जुटाया। रोड शो टाउन में टिब्बी रोड स्थित भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के कार्यालय से शुरू हुआ, जो धानमंडी, सुभाष चौक, इंदिरा चौक, अग्रसेन पार्क, पुराना बाजार, पोस्ट ऑफिस के आगे से मुख्य रोड, बस स्टैंड होता हुआ भारत माता चौक पहुंचकर सम्पन्न हुआ। रोड शो में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, नगर परिषद के पूर्व उपसभापति अनिल खीचड़ सहित पार्टी के अन्य नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी के साथ रहे।
भारत माता चौक पर रोड शो के समापन के मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप इंदौरा ने कहा कि रोड शो को देखकर साफ कहा जा सकता है कि लोगों में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ रोष है। यह चुनाव ऐसे समय में इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि आज महंगाई, बेरोजगारी, किसानों के मुद्दों को लेकर सभी संगठन इस सरकार के खिलाफ सड़कों पर हैं। इस बार लोगों ने मन बना लिया है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार को उखाड़कर फेंकना है। मतदान के दिन इस सरकार के खिलाफ वोट पड़ेंगे क्योंकि पिछले दस साल के शासन में श्रीगंगानगर लोकसभा क्षेत्र में एक भी योजना-परियोजना नहीं बनी और न ही कोई कार्य हुआ। गजेन्द्र सिंह शेखावत जल संसाधन मंत्री हैं। उन्होंने आज तक इलाके के किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं पर चर्चा नहीं की। कभी उनकी पीड़ा नहीं सुनी। इसको लेकर भी रोष है। आज एमएसपी के लिए किसान आंदोलनरत हैं। वह सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रहा है। आज सभी को अपनी मांग के लिए आंदोलन करने का अधिकार है, लेकिन यह सरकार जिस हठधर्मिता से किसानों के आंदोलन को दबाने-कुचलने की कोशिश कर रही है, उसका खामियाजा इन लोकसभा चुनाव में सरकार को भुगतना पड़ेगा।
