
सेवा और समर्पण के साथ की नव सत्र की शुरुआत तथा डॉक्टरों व चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सेवाओं को सराहा
समाज में सेवा का ऐसा दीप जलाएं, जिसकी रोशनी वर्षों तक लोगों का मार्ग प्रशस्त करती रहे : पद्मश्री स्वामी ब्रह्मदेव
श्रीगंगानगर : लायंस इंटरनेशनल प्रांत 3233-ई-1 के अंतर्गत लायंस क्लब श्रीगंगानगर ‘विकास’ द्वारा बुधवार को सेवा, समर्पण एवं मानवता के संकल्प के साथ नए सेवा वर्ष (2026-27) का आगाज किया गया। सीएमडी लायन विनोद सेठी ने बताया कि श्री जगदंबा अंध महाविद्यालय में आयोजित समारोह में पद्मश्री स्वामी ब्रह्मदेव जी महाराज, मानवता तथा आर्थिक सुदृढ़ता के स्तंभ सेवा भावी चिकित्सक डॉ. प्रेमपाल आहुजा, डॉ. जितेन्द्र नागपाल, डॉ. मनीषा नागपाल कटारिया, डॉ. सरिता उपनेजा, डॉ. करण आहुजा तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सीए साहिल मिड्ढा, सीए तनीशा खुराना व सीए नरेश जनवेजा को पदाधिकारियों व सदस्यों ने उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए फूलमालाएं पहनाकर तथा अभिनंदन-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इससे पहले नव सेवा वर्ष के शुभारंभ पर क्लब परिवार द्वारा सुखाडिय़ा सर्किल श्रीगौशाला में गौमाता को हरा चारा अर्पित कर अनवरत मानव और जीव सेवा का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन लायन पारुल भाटिया द्वारा किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पद्मश्री स्वामी ब्रह्मदेव जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि जीवन की असली सार्थकता इस बात में है कि हमने मानवता की कितनी सेवा की है। जब हम किसी की सेवा के लिए कदम बढ़ाते हैं, तो वह केवल एक कार्य नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारा समर्पण होता है। समाज में सेवा का ऐसा दीप जलाएं, जिसकी रोशनी वर्षों तक लोगों का मार्ग प्रशस्त करती रहे। कार्यक्रम के सारस्वत अतिथि स्वामी निजानंद जी महाराज ने कहा कि समाज के स्वास्थ्य की रक्षा करने वाले चिकित्सक तथा देश की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट वास्तव में राष्ट्र निर्माण के मुख्य आधार स्तंभ हैं। उन्होंने लायंस क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सदस्यों को निरंतर परोपकार के मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्रीगौशाला सुखाडिय़ा सर्किल श्रीगंगानगर के पूर्व अध्यक्ष रमेश खदरिया, रीजन चेयरमैन एमजेएफ लायन दीपक वाट्स, रीजन चेयरमैन अरुण लोहिया व पीआरओ लायन आशीष अरोड़ा थे। अतिथियों तथा क्लब पदाधिकारियों ने अपने सम्बोधन में कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान और सेवा से मानव जीवन की रक्षा करते हैं, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट अपनी ईमानदारी और वित्तीय मार्गदर्शन से व्यापार व देश की आर्थिक उन्नति सुनिश्चित करते हैं, इसलिए नए सत्र के पहले ही दिन इन दोनों वर्गों का अभिनंदन करना क्लब के लिए गौरव की बात है। उपस्थित सभी सदस्यों ने ‘सेवा ही हमारा धर्म’ के मूल मंत्र को दोहराते हुए आगामी वर्ष में सामाजिक कल्याण के विभिन्न प्रकल्पों को गति देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर लायंस क्लब श्रीगंगानगर ‘विकास’ के अध्यक्ष लायन रमेश बलाना, सचिव लायन प्रेम लूना, कोषाध्यक्ष लायन प्रदीप अरोड़ा, क्लब एडमिनिस्ट्रेटर एवं सीएमडी लायन विनोद कुमार सेठी, लायन डॉ. सरिता उपनेजा, लायन पारुल-ब्रह्म भाटिया, लायन सतीश चावला, लायन सरिता अरोड़ा, लायन अनिता बलाना, भामाशाह गुरमीत महल, एमजेएफ लायन संदीप-नीरु अनेजा सहित पदाधिकारी, सदस्य व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम संयोजक एमजेएफ लायन संदीप-नीरू अनेजा ने सबका आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात् सभी के लिए पौष्टिक अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी।
