
विश्व चिकित्सक दिवस व चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे पर चिकित्सकों एवं वित्तीय विशेषज्ञों का किया सम्मान
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस) रोटरी क्लब हनुमानगढ़ विज़न की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने अपने नए कार्यकाल की शुरुआत समाज के प्रति उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों एवं वित्तीय विशेषज्ञों के सम्मान के साथ की। विश्व चिकित्सक दिवस एवं विश्व चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शहर के चिकित्सक डॉ सुलभ बंसल, डॉ चेतन्य गोदारा, डॉ ऋषभ गुप्ता और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स मोनीष बहल का माल्यार्पण कर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अश्विनी गर्ग ‘आशु’ ने किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक और चार्टर्ड अकाउंटेंट समाज के दो ऐसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा करते हैं। चिकित्सक जहां लोगों को स्वस्थ जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वहीं वित्तीय विशेषज्ञ और चार्टर्ड अकाउंटेंट आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा लोगों एवं संस्थानों को सही वित्तीय मार्गदर्शन देने का कार्य करते हैं। ऐसे समर्पित पेशेवरों का सम्मान करना क्लब के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब हनुमानगढ़ विज़न समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य करता रहेगा। नई कार्यकारिणी का उद्देश्य सेवा के नए आयाम स्थापित करना तथा अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना है। उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सम्मानित अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और समाज के विकास में उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया। सम्मानित चिकित्सकों एवं वित्तीय विशेषज्ञों ने भी रोटरी क्लब की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का और अधिक समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में क्लब के सचिव अतुल गंबर, कोषाध्यक्ष पंकज पारीक, प्रोजेक्ट चेयरमैन कुणाल गोयल, आकाश गर्ग, आशीष गुप्ता, विकास पारीक, हर्ष सोनी, मिताली अग्रवाल, नितिका गर्ग, भरत सिंह तथा चेतनिया गोदारा सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नए कार्यकाल में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प के साथ विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों को गति देने का विश्वास व्यक्त किया।
