
राष्ट्रीय युवक परिषद ने चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ को किया सम्मानित
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस) डॉक्टर दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय युवक परिषद हनुमानगढ़ द्वारा मानव सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित चंडीगढ़ हॉस्पिटल में संपन्न हुआ, जहां परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन एवं उनके पिता पी.आर. जैन सेवानिवृत्त सीनियर आरएएस अधिकारी ने अस्पताल के डॉक्टर ऋषभ गुप्ता सहित समस्त चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ को स्मृति चिन्ह व उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने कहा कि डॉक्टर समाज के लिए भगवान का रूप होते हैं। वे दिन-रात मरीजों की सेवा में तत्पर रहते हैं और कठिन परिस्थितियों में भी मानव जीवन की रक्षा को सर्वोपरि मानते हैं। डॉक्टरों का समर्पण, करुणा और पेशेवर निष्ठा समाज को स्वस्थ व सुरक्षित रखने की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि महामारी, आपात स्थितियों और सामान्य दिनों में भी चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ की भूमिका अतुलनीय रहती है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। कार्यक्रम के दौरान पी.आर. जैन ने चिकित्सकों के अनुशासन, नैतिकता और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची साधना है। उन्होंने युवाओं से भी सेवा और संवेदनशीलता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रवीण जैन ने आगे बताया कि राष्ट्रीय युवक परिषद सदैव सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय रही है। रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से परिषद समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाती आ रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रहेगी। समारोह का समापन चिकित्सकों व स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त के साथ हुआ, जहां सभी ने समाज सेवा के इस प्रयास की सराहना की।
