
04
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं सुशासन की भावना को साकार करते हुए हनुमानगढ़ टाऊन की नगर परिषद कार्यालय में शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आमजन की शिकायतों एवं प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किए जाने से लोगों को काफी राहत मिली। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना था। शिविर में पट्टों, नामांतरण, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही प्रकरणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कई मामलों का निस्तारण किया। इस मौके पर नगर परिषद अधिशाषी अभियन्ता रामप्रताप मीणा,शिविर प्रभारी बबलू,करणी सिंह,भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप एरी,नगर मण्डल अध्यक्ष नितिन बंसल, ने मौके पर आमजन की समस्याएं सुनी और तुरन्त मौके पर नगरपरिषद अधिकारियों को निर्देशित कर समाधान करवाया व साथ ही मौके पर लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व पट्टों का भी वितरण किया। वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित किए जा रहे ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर के नजदीक करना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सरकार की प्राथमिकता है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं सहायता स्टॉल भी लगाए गए। यहां नागरिकों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर में पहुंचे लोगों ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसुविधाओं को घर-घर तक पहुंचाने वाला प्रभावी कदम बताया।
