
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियानों के तहत जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के नेतृत्व में पुलिस लाइन में आज संपर्क सभा का आयोजन किया गया। सभा में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को महिला सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं, हेल्पलाइनों तथा कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही वर्तमान चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधानों पर गहन चर्चा हुई।सभा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ मैदानी स्तर पर कार्यरत पुलिस कर्मियों को संवेदनशील बनाने और उनके सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था।सभा में महिला बीट अधिकारी व्यवस्था को सशक्त करने तथा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाएं और महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करें। सभा में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में लागू कड़े कानूनी प्रावधानों, पोक्सो एक्ट, शी-बॉक्स , साइबर सुरक्षा, राजकोप सिटीजन ऐप तथा महिला एवं बाल हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कर्मचारियों को बताया गया कि किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़िता को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से जुड़े मुद्दों पर भी संवाद किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने विभाग में सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पर तुरंत संज्ञान लें।सभा की सबसे खास बात यह रही कि जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी विभागीय तथा व्यक्तिगत समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और समस्याओं के त्वरित निस्तारण का पूरा भरोसा दिलाया। दीपककुमार शर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भंवरलाल मेघवाल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (त्वरित अनुसंधान इकाई) विष्णु खत्री वृत्ताधिकारी(शहर) भूपेंद्र सोनी वृत्ताधिकारी(ग्रामीण) कैलाशदान पुलिस उप अधीक्षक(एसएस/एसटी सेल), आनंद कुमार पुलिस उप अधीक्षक(साइबर), कोतवाली, सदर, महिला, पुरानी आबादी थानों के प्रभारी, यातायात शाखा तथा पुलिस लाइन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
