
तीन घंटे चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन से लिखित समझौता, शुक्रवार तक अधिकांश ग्राम पंचायतों में काम शुरू करने का आश्वासन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर यूनियन और सीटू के संयुक्त नेतृत्व में बुधवार को मनरेगा कार्य शुरू कराने,VBGराम जी कानून वापस लेने, मनरेगा कार्यस्थलों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, लगातार पांच पखवाड़े रोजगार देने तथा मजदूरों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर पंचायत समिति कार्यालय, हनुमानगढ़ टाउन का घेराव किया गया। प्रदर्शन से पहले पंचायत समिति कार्यालय के बाहर सभा आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूरों और यूनियन पदाधिकारियों ने भाग लिया।सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और खेत मजदूरों के लिए जीवनरेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा लागू किए गए जीबी कानून में मजदूरों के हितों की अनदेखी की गई है,

जिसके कारण जिले में अधिकांश स्थानों पर मनरेगा कार्य ठप पड़े हैं। वक्ताओं ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन ने मजदूरों से किए गए रोजगार उपलब्ध कराने के वादों को पूरा नहीं किया है। उन्होंने मनरेगा को कमजोर करने के प्रयासों का विरोध करते हुए इसे बचाने के लिए संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।सभा के बाद प्रदर्शनकारी मजदूरों ने पुलिस का घेरा तोड़ते हुए पंचायत समिति परिसर में प्रवेश किया और विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय का घेराव कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले इस घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीडीओ को कार्यालय से बाहर नहीं निकलने दिया। बाद में प्रशासन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई, जिसके पश्चात लिखित समझौता होने पर प्रदर्शन समाप्त किया गया।समझौते के अनुसार हनुमानगढ़ पंचायत समिति की कुछ ग्राम पंचायतों में गुरुवार से मनरेगा कार्य शुरू कर दिए जाएंगे, जबकि शुक्रवार तक अधिकांश पंचायतों में काम प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही मजदूरों को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध कराने तथा मजदूरी 300 रुपये किए जाने की मांग पर भी सहमति व्यक्त की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची पंचायत घरों में चस्पा की जाएगी, ताकि कोई भी वंचित व्यक्ति निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति या अपील दर्ज करा सके।बैठक में यह भी तय हुआ कि मनरेगा का कार्य समय पहले की तरह रहेगा। पहली हाजिरी के बाद चार घंटे पश्चात दूसरी हाजिरी लगेगी तथा कार्य पूरा होने के बाद मजदूर घर जा सकेंगे। जिन श्रमिकों की आई-स्कैन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है, उनकी हाजिरी बायोमेट्रिक प्रणाली से दर्ज की जाएगी।सभा और प्रदर्शन में खेत व ग्रामीण मजदूर यूनियन के राज्य कमेटी सदस्य रघुवीर वर्मा, जिला महासचिव सचिव प्रहलाद बहलोलनगर, शौपत राम, मैट यूनियन के जिला अध्यक्ष छगनलाल जनागल, इकबाल सिंह, पुष्पा शाक्य, सरवन सिंह, बृज प्रकाश स्वामी, सुखपाल बुडानिया, सरोज तथा सीटू के जिला अध्यक्ष आत्मा सिंह, शेर सिंह शाक्य बहादुर सिंह चौहान, बसंत सिंह, हरजी वर्मा, बृजप्रकाष स्वामी रिछपाल सिंह, सुल्तान खान, जगतार सिंह, मुकद्दर अली सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित रहे।

