
श्रीगंगानगर (भटनेर एक्सप्रेस) प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों में संविदा के आधार पर कार्यरत नर्सेज कर्मियों की अचानक सेवाएं समाप्त करने से आहत महिला चिकित्सालय जयपुर में कार्यरत नर्सिंग कर्मी दीपक के आत्मदाह करने के प्रकरण को लेकर श्रीगंगानगर में राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन के तत्वाधान में आज शाम नर्स कर्मचारियों ने शहर के मुख्य मार्गों पर कैंडल मार्च निकाला।स्वर्गीय दीपक के परिवार को आर्थिक सहायता एवं उसकी पत्नी के सरकारी नौकरी देने ,हटाये गए संविदा नर्सेज की सेवाएं बहाल करने, आगामी नर्सिंग भर्ती मैरिट और बोनस के आधार पर करने ,नर्सेज की प्लेसमेन्ट एजंसियों से भर्ती पर रोक लगाने सहित मांगों को लेकर प्रदेश स्तरीय नर्सेज संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर 12 जून से चलाया जा रहा है।

विगत 24 जून को चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ संगठन के प्रतिनिधियों के साथ मांगों पर बनी सहमति के बाद भी आज तक कार्यवाही नहीं होने के विरोध स्वरूप आज एमएचओ कार्यालय से गंगा सिंह चौक तक कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया।राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रविंद्र शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार सिहाग ने बताया कि चिकित्सा विभाग द्वारा नर्सेज की मांगों पर आज तक कार्यवाही नहीं होने से प्रदेशभर में नर्सेज में गहरा रोष व्याप्त है।राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीगंगानगर से हटाए गए 11 संविदा नर्सेज को भी पुनः सेवा में नही लिया गया है। श्री गंगानगर के जिला चिकित्सालय में नर्सेज के लगभग 50 पद रिक्त हैं।राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करने हेतु कैंडल मार्च का आयोजन किया गया है। जल्द ही जिला कलेक्टरों और उपखण्ड अधिकारियों के माध्यम से पुनः ज्ञापन प्रेषित किये जायेंगे।केंडल मार्च में राकेश कुमार ,पिलास विश्नोई , नवदीपसिंह, अजीत शर्मा, राहुल मोयल, मैनपाल वर्मा, शैलेन्द्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
