
आरसेटी में राजस्थान पुलिस की कार्यशाला, 1090 हेल्पलाइन व राजकॉप सिटीजन ऐप की दी जानकारी
हनुमानगढ़(भटनेर एक्सप्रेस) ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में राजस्थान पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों तथा पुलिस की त्वरित सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यशाला में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एक से छह की महिला पुलिसकर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा राजस्थान पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी महिला या युवती के साथ छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र व्यवहार, उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो वह बिना किसी संकोच के महिला सुरक्षा हेल्पलाइन ’’1090’’ पर कॉल कर सकती है। सूचना मिलते ही कालिका पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराती है।महिला पुलिसकर्मियों ने उपस्थित महिलाओं को ’’राजकॉप सिटीजन ऐप’’ के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी तथा उनके मोबाइल फोन में ऐप इंस्टॉल करवाया। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से महिला सुरक्षा संबंधी सुविधाएं, जीपीएस आधारित लोकेशन शेयरिंग, आपातकालीन सहायता, कानूनी जानकारी, ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने सहित अनेक उपयोगी सेवाएं उपलब्ध हैं। आपात स्थिति में ऐप के जरिए पुलिस को तत्काल सूचना भेजी जा सकती है, जिससे पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता तक शीघ्र पहुंच सके।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों का उपयोग करने, किसी भी प्रकार की घटना को छिपाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना देने तथा साइबर अपराधों एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा का वातावरण बनाने के लिए जनजागरूकता बेहद आवश्यक है तथा ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।कार्यशाला के अंत में आरसेटी अनुदेशक अनिल सिंह राठौड़ ने राजस्थान पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि अधिक से अधिक महिलाएं सरकारी सुरक्षा सेवाओं का लाभ उठा सकें और आत्मनिर्भरता के साथ सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ सकें।इस मोके पर अनुदेशक मुकेश भानुशाली, अनुदेशक अनिल सिंह राठौड़, कार्यालय सहायक गणेशराम, कार्यालय सहायक रितिक अरोड़ा, विकास कुमार, सूरज कुमार व अन्य सदस्य मौजूद थे।
