
साफा पहनाकर किया अभिनंदन, मजदूरों के हितों के लिए मजबूती से कार्य करने का किया आह्वान
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित सम्मान समारोह में भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का कांग्रेस नेताओं ने साफा पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों ने नवदायित्व संभालने वाले इंटक नेताओं को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने तथा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए निडर होकर कार्य करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, ओबीसी विभाग के प्रदेश कोऑर्डिनेटर गुरदीप चहल, ओबीसी विभाग के प्रदेश महासचिव रविंदर बेनीवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने इंटक के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह, कार्यकारिणी सदस्य कलवंत सिंह गिल, जिला महामंत्री अनिल कुमार दुबे, सेवादल इंटक यूथ के जिलाध्यक्ष हंसराज पंवार, हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर इकाई के महामंत्री अशोक कुमार तथा अन्य पदाधिकारियों का साफा पहनाकर सम्मान किया।इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि इंटक देश के सबसे पुराने और मजबूत श्रमिक संगठनों में से एक है, जिसने हमेशा मजदूर वर्ग के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने तथा पूरी निष्ठा और निर्भीकता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी मजदूरों के अधिकारों की रक्षा में प्रभावी भूमिका निभाएगी।ओबीसी विभाग के प्रदेश कोऑर्डिनेटर गुरदीप चहल ने कहा कि किसी भी संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एकजुटता में निहित होती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ संगठन को गांव-गांव और उद्योगों तक मजबूत करने तथा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।ओबीसी विभाग के प्रदेश महासचिव रविंदर बेनीवाल ने क कि मजदूर समाज की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इंटक को मजदूरों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा तथा कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।कार्यकारिणी सदस्य कलवंत सिंह गिल ने कहा कि इंटक हमेशा से मजदूरों के हकों की आवाज बुलंद करता आया है और भविष्य में भी पूरी मजबूती के साथ श्रमिकों की समस्याओं को उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन श्रमिकों के हितों की रक्षा, उनकी मांगों के समाधान और उनके अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा।कार्यक्रम के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर लियाकत अली, राजेन्द्र मीणा, सुखप्रीत, अमित पुरी, चमकौर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।
