
समिति उपाध्यक्ष अंकुश चौधरी के जन्मदिवस पर 51 यूनिट रक्त संग्रहित, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) डॉ. हेडगेवार रक्तदान समिति की ओर से समिति के उपाध्यक्ष अंकुश चौधरी के जन्मदिवस के अवसर पर फास्ट ट्रैक स्पोर्ट्स अकादमी, हनुमानगढ़ जंक्शन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। इस दौरान कुल 51 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद लोगों का जीवन बचा सकता है। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।रक्तदाताओं का चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहित किया गया। शिविर में पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं का भी उत्साह देखते ही बना। समिति के सदस्यों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य में भी नियमित रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया।शिविर की सफलता में डॉ. कल्पना धारीवाल, फास्ट ट्रैक स्पोर्ट्स अकादमी के संजय सहारण, सुभाष देहरू, दीपक शर्मा, जितेंद्र पोटलिया, अजय स्वामी, वीरेंद्र सहारण, रामप्रताप पूनिया, अरविंद चाहर, कुलदीप शर्मा, सुरेंद्र छींपा तथा सोनू सिंह सहित अनेक सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में समिति के सदस्यों ने रक्तदाताओं का स्वागत किया तथा उनके सेवा भाव की सराहना की।समिति पदाधिकारियों ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है। ऐसे में स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए, ताकि किसी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान अभियान से जुड़ने और समाज में अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का सम्मान करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। समिति ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्यों और रक्तदान शिविरों का निरंतर आयोजन करने का संकल्प दोहराया।
