
हनुमानगढ़| लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान शुक्रवार को होगा। मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को हनुमानगढ़ जंक्शन बस स्टैंड के बाहर स्थित गणपति एक्सक्लूसिव पर आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों ने सामूहिक रूप से मतदान की अपील की। इन व्यापारियों में वे भी शामिल रहे, जिन्होंने मतदान करने पर ऑफर और डिस्काउंट दिए हैं।
गणपति एक्सक्लूसिव के प्रोपराइटर आशु गर्ग ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के आग्रह पर सभी व्यापारियों को एकत्रित कर उनसे मतदान की अपील की गई है। यह व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर आने वाले ग्राहकों से मतदान करने की अपील करेंगे। साथ ही उन ग्राहकों को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपने शहर-गांव के मतदाताओं को भी मतदान करने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में उनके चार प्रतिष्ठान हैं। वोट डालने के बाद अंगुली पर स्याही का निशान दिखाएगा उसे दस प्रतिशत डिस्काउंट दिया जाएगा। शहर की कुल 60 फर्मों ने ऑफर और डिस्काउंट देने की घोषणा की है। इस मौके पर नितिन चुघ, सुरेश गुप्ता सहित कई अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
मिठाई, बुक्स, स्कूल यूनिफार्म पर छूट
लोकसभा चुनाव में मताधिकार का इस्तेमाल करने पर खाने, खरीदारी, सैलून, आर्ट एंड क्रॉफ्ट, स्पोट्र्स, क्लॉथ, रेस्टोरेंट, ऑटो एसेसिरीज, कुकिंग एप्लांयस, बुक्स, स्कूल यूनिफार्म, मिठाई सहित 100 से अधिक प्रोडक्ट्स पर छूट मिलेगी। इनमें मिठाई पर सुबह 9 बजे से 5 बजे तक 10 प्रतिशत छूट, महिलाओं के लिए किचन आइटम्स, क्लॉथ, ब्यूटी पॉर्लर सहित हर वर्ग के लिए विषेष ऑफर है।
सिनेमा और कोचिंग संस्थानों में भी ऑफर
शहर के शिव मंदिर सिनेमा में टिकट पर 15 प्रतिशत छूट मिलेगी। वहीं, कॉन्सेप्ट क्लासेज में माता-पिता दोनों या छात्र के मतदान पर छात्र को प्रवेश में 20 प्रतिशत छूट दी जाएगी। साथ ही, कई रेस्टोरेंट संचालकों ने भी ऑफर दिए हैं। सड़क सुरक्षा की दृष्टि से हैलमेट पर 25 प्रतिशत, कार सर्विस का वाउचर, ब्यूटी पॉलर्र में 25 प्रतिशत छूट मिलेगी।
टीक्यूएस संस्थान पर तीन दिन तक मिलेगा लाभ
टीक्यूएस प्रतिष्ठान के मालिक मनोज सिडाना ने बताया कि 19 अप्रैल 2014 को यहां मतदान दिवस है। इस बार हमने प्रशासन के साथ मिलकर मतदान के लिए प्रतिशत बढ़ाने के लिए पहल की है। उसमें हमने स्पेशली एक ऑफर चलाया है। हमारे यहां एक साथ ऑफर चलेगा। जो भी मतदाता मतदान के पश्चात हमारी दुकान पर खरीददारी करने आएगा और स्याही लगी उंगली दिखाएगा। तो उसके लिए विशेष ऑफर के तहत 5 हजार की खरीदारी पर 15 सौ रुपए और 2500 रुपए की खरीदारी पर 500 रुपए अतिरिक्त छूट दी जाएगी। ये ऑफर हम तीन दिन तक जारी रखेंगे।
मिठाइयों पर मिलेगी छूट, छाछ भी मिलेगी फ्री
पारीक स्वीट हाउस के मालिक मुखिया पारीक ने बताया कि 19 अप्रैल को अंगुली पर स्याही लगी दिखाएंगे तो मिठाइयों की खरीद पर 10 प्रतिशत छूट मिलेगी। सुबह 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक ये छूट रहेगी। चन्ना भटूरा खाने पर लस्सी (छाछ) फ्री दी जाएगी।
ब्यूटी सैलून में 10 प्रतिशत की छूट
सनग्रेस ब्यूटी सैलून मालिक रीना हीर ने बताया कि काई महिला वोट डालकर अंगुली पर स्याही लगी दिखाएगी तो उन्हे अपने सैलून पर 10 प्रतिशत सर्विस में ऑफर के तहत छूट दी जाएगी। ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं वोट डालने के लिए प्रेरित हो।
60 संस्थानों में मिलेगी छूट
जिला जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र सामरिया ने बताया कि लोकतंत्र का महापर्व 19 अप्रैल को मनाया जाएगा। सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक मतदान होगा। इस बार जिले में नवाचार किया गया है। व्यापारिक संस्थानों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम के नेतृत्व में इस बार 60 प्रतिष्ठान द्वारा ऑफर दिया गया है। इस दिन 19 अप्रैल को जब भी मतदाता मतदान करने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाएगा तो 60 दुकानों द्वारा अपने विशेष ऑफर दिए जाएंगे।
