हनुमानगढ़| लोकसभा आम चुनाव 2024 के लिए जिले में 19 अप्रैल, शुक्रवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कुल 1303 केन्द्रों पर मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया भयमुक्त, पारदर्शी, निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्वक सम्पादित हो सके, इसके लिए प्रशासन की ओर से व्यापक एवं समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।
जिले में शत प्रतिशत मतदान के मकसद से जिला प्रशासन की ओर से जिले भर में विभिन्न तरह के स्वीप कार्यक्रम आयोजित किए गए ताकि अधिकाधिक मतदाता अपने घर से निकलकर लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। घर-घर पीले चावल वितरण कर मतदान का निमंत्रण दिया गया है।

14 लाख 10 हजार 923 मतदाता
जिले में कुल मतदाता संख्या 14 लाख 10 हजार 923 है। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 लाख 34 हजार 952 जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 6 लाख 73 हजार 399 है। सर्विस मतदाता 2541 और ट्रांसजेंडर्स मतदाता 31 हैं।
विधानसभा वार मतदाताओं की बात करें तो हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 301016, संगरिया विधानसभा क्षेत्र में 247861, पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र में 299249, नोहर विधानसभा क्षेत्र में 283511 व भादरा विधानसभा क्षेत्र में 276745 मतदाता हैं।
हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 270, संगरिया विधानसभा क्षेत्र में 227, पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र में 286, नोहर विधानसभा क्षेत्र में 266 व भादरा विधानसभा क्षेत्र में 254 केन्द्रों पर मतदान होगा। शहरी क्षेत्र में 243 और ग्रामीण क्षेत्र में 1060 केन्द्रों पर मतदान होगा। जिले में 97 प्रतिशत मतदाताओं ने होम वोटिंग की। जिले में 100 विशेष मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 8-8 महिला शक्ति बूथ और युवा वोट मित्र बूथ, 1-1 मॉडल, यूनिक, हरित, दिव्यांग बूथ बनाए गए हैं।
विधानसभा वार विशेष मतदान केन्द्रों की बात करें तो जिले में 40 महिला शक्ति बूथ (प्रति विधानसभा 8), 40 युवा वोट मित्र बूथ (प्रति विधानसभा 8), 5 दिव्यांग मित्र बूथ (प्रति विधानसभा 1), 5 हरित मतदान केन्द्र (प्रति विधानसभा 1), 5 यूनिक मतदान केन्द्र (प्रति विधानसभा 1), 5 मॉडल मतदान केन्द्र (प्रति विधानसभा 1) बनाए गए हैं।
