हनुमानगढ़| लोकसभा चुनाव 2024 के लिए गठित मतदान दलों को गुरुवार को रवाना किया गया। विधानसभा क्षेत्र हनुमानगढ़ और संगरिया के मतदान दलों को हनुमानगढ़ जंक्शन के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से और विधानसभा क्षेत्र पीलीबंगा के मतदान दलों को हनुमानगढ़ जंक्शन के डीएवी स्कूल से चुनाव सामग्री का वितरण कर मतदान केन्द्रों पर मतदान करवाने के लिए रवाना किया गया।

नोहर और भादरा विधानसभा क्षेत्र के मतदान दलों को नोहर के गौरीशंकर बिहाणी राजकीय कन्या कॉलेज से रवाना किया गया। राजकीय महाविद्यालय के भवन और परिसर में निर्धारित कक्षों और काउंटरों पर मतदान दलों को विधानसभा वार सामग्री वितरण कर रवाना किया गया। रवानगी से पहले मतदान दलों और रिजर्व मतदान दलों को तृतीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में ईवीएम, वीवीपेट का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
मतदान दलों की रवानगी के मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर कानाराम ने मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया से जुड़ने के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा की कि वे पूर्णतया निष्पक्ष और पारदर्शिता से मतदान प्रक्रिया को सम्पादित करेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए सभी तरह के प्रयास किए गए हैं। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
