
दूषित नहरी पानी, धान खरीद, कृषि विश्वविद्यालय, उद्योग, पर्यटन व रेल सुविधाओं को लेकर बनाई कार्ययोजना की मांग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) हनुमानगढ़ जिले के समग्र विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. भारत भूषण शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को एक ज्ञापन देकर जिले की आठ प्रमुख मांगों पर शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि हनुमानगढ़ राजस्थान का “अन्न का कटोरा” कहलाता है और यह पूरी तरह कृषि प्रधान जिला है, लेकिन पिछले कई वर्षों से मौसम की मार एवं अन्य कारणों से कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान हुआ है। इसका सीधा असर व्यापार, उद्योग-धंधों तथा रोजगार पर पड़ा है, जिससे जिले के विकास की गति प्रभावित हुई है।ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा पंजाब से नहरों के माध्यम से आने वाले दूषित पानी का उठाया गया है। इसमें कहा गया कि प्रदूषित पानी के कारण क्षेत्र में कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इसलिए इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।इसके साथ ही जिले में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए विशेष नशा मुक्ति अभियान एवं ठोस कार्ययोजना लागू करने की मांग की गई है।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हनुमानगढ़ की मुख्य फसल धान है, लेकिन पिछले दो-तीन वर्षों से धान की सरकारी खरीद नहीं होने के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसलिए केंद्र सरकार से समन्वय कर जिले में पुनः धान की सरकारी खरीद शुरू करवाई जाए।इसके अलावा जिले में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, शुगर मिल तथा जिप्सम आधारित कारखानों की स्थापना की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है, ताकि किसानों को बेहतर बाजार मिलने के साथ युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो सके।पर्यटन विकास के लिए कालीबंगा और ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग के संरक्षण एवं विकास, बढ़नेपल पक्षी अभयारण्य को विकसित करने तथा घग्गर नदी के किनारे भद्रकाली मंदिर के पास झील निर्माण की योजना बनाने का भी सुझाव दिया गया है। साथ ही वर्षों से बंद पड़ी स्पिनिंग मिल को पुनः संचालित करने तथा हनुमानगढ़ से दिल्ली और जयपुर के लिए इंटरसिटी रेल सेवा शुरू करने की मांग भी रखी गई है।ज्ञापन के माध्यम से प्रदेशाध्यक्ष से आग्रह किया गया कि इन सभी मांगों को प्राथमिकता देते हुए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे हनुमानगढ़ जिले के विकास को नई गति मिले और किसानों, युवाओं, व्यापारियों एवं आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
