
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय 29 एसएसडब्ल्यू फतेहगढ़ में बच्चों को वृक्षारोपण के लिए किया प्रेरित
हनुमानगढ़। जन्मदिन को सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की प्रेरणादायी पहल करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के जिला उपाध्यक्ष राकेश चांवरिया ने अपनी पुत्री साक्षी चांवरिया का जन्मदिन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, 29 एसएसडब्ल्यू फतेहगढ़ परिसर में पौधारोपण कर मनाया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यवाहक प्रधानाचार्य बंसीलाल ने विद्यार्थियों को वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन के विशेष अवसरों पर पौधारोपण करे और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। राकेश चांवरिया ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी माध्यम होना चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की कि वे जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक अवसरों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ें। उन्होंने बताया कि पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और हरित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश बनकर सामने आया।
