
उपखंड अधिकारी ने अमलतास का पौधा लगाकर किया शुभारंभ, 21 पौधे ट्री गार्ड सहित लगाए गए
हनुमानगढ़ । हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ उपखंड अधिकारी हनुमानगढ़ श्री मांगीलाल ने अमलतास का पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के कुल 21 पौधे ट्री गार्ड सहित लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान अमलतास, जामुन और अर्जुन जैसी छायादार एवं पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सभी पौधों के साथ ट्री गार्ड भी लगाए गए ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और वे स्वस्थ रूप से विकसित हो सकें। उपस्थित सदस्यों ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया। उपखंड अधिकारी श्री मांगीलाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने मानव उत्थान सेवा समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों के ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हैं। मानव उत्थान सेवा समिति के अध्यक्ष लादुसिंह भाटी ने कहा कि हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस को यादगार बनाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। समिति का प्रयास रहेगा कि भविष्य में भी समय-समय पर पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि जिले को अधिक हरित और स्वच्छ बनाया जा सके। कार्यक्रम में लाधू सिंह भाटी, सुरेन्द्र सिंह सैनी, विपिन कुमार शर्मा, राजेन्द्र सिंह सैगर, श्तरुण कुमार शाक्य, मनीष कुमार शाक्य, देवीलाल वर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनके संरक्षण का दायित्व निभाने तथा आमजन को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। आयोजन के अंत में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक विशेष अवसर पर पौधारोपण करने का संदेश दिया गया।
