
अनूपगढ | लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 19 अप्रैल को बीकानेर लोकसभा क्षेत्र में मतदान होने जा रहा है। 19 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह से गंभीर और सक्रिय है। अनूपगढ़ विधानसभा के 244 मतदान केंद्रों पर मतदान दल पहुंचने शुरू हो चुके हैं। आज बुधवार को नगर परिषद के चुनाव प्रभारी एईएन इरफान अली व उनकी टीम के द्वारा अनूपगढ़ शहरी क्षेत्र में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र पर कार्य कर रहे कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी व्यवस्थाओं को शाम 5 बजे तक पूरा कर लिया जाए और इसकी रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत की जाए। अनूपगढ़ विधानसभा में महिला मतदाताओं के लिए 8 पिंक बूथ भी बनाए गए हैं।
नगर परिषद आयुक्त कंचन राठौड़ ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार अनूपगढ़ शहरी क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर नगर परिषद को सौंपी गई सभी व्यवस्थाओं को पूरा करवाने के लिए टीम का गठन किया गया है। टीम के द्वारा मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान केंद्र का निरीक्षण किया जा रहा है और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया जा रहा है।
एईएन इरफान अली ने बताया कि आज अनूपगढ़ शहरी क्षेत्र के 16 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी व्यवस्थाओं को शाम 5 बजे तक पूरा कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि अभी कुछ मतदान केंद्रों पर छाया की व्यवस्था को पूरा नहीं किया गया था, ऐसे में कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शाम 5 बजे तक मतदाताओं के लिए छाया की उचित व्यवस्था कर रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत की जाए। आज निरीक्षण के दौरान एईएन इरफान अली,जेईएन मनफूल राम,शेर सिंह,जगदीश मौजूद रहे।
244 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
चुनाव शाखा से मिली जानकारी के अनुसार अनूपगढ़ विधानसभा में कुल 244 मतदान केंद्रों पर मतदान करवाया जाएगा। अनूपगढ़ विधानसभा में 46 क्रिटिकल बूथ, 122 वेबकास्टिंग बूथ, 8 पिंक बूथ, एक मॉडल बूथ, 8 युवा मतदान केंद्र और दो शेडो बूथ बनाए गए हैं।
