

ग्रंथी से मारपीट व धार्मिक प्रतीकों के अपमान का आरोप, बस संचालक पर एफआईआर की मांग
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) पालेवाली ढाणी के पास राजस्थान लोक परिवहन बस के चालक-परिचालकों और पालेवाली ढाणी के ग्रामीणों के बीच हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को बस संचालकों की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने कुछ जनों के खिलाफ नामजद व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उसी कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है और बस संचालक के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सदर थाना पहुंचे और बस संचालक व कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर थाने के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक मामला दर्ज नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा। घटना को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट रही। ग्रामीणों का आरोप है कि बस से युवतियों को जबरन उतारा गया था, जिसके विरोध में लोगों ने कार्रवाई की मांग उठाई है। इस बीच गुरुद्वारा सिंह सभा, पालेवाली ढाणी के ग्रंथी गुरप्रीत सिंह ने सदर थाने में परिवाद देकर आरोप लगाया है कि 11 जुलाई की शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच गुरुद्वारे के सामने राजस्थान लोक परिवहन की बस नंबर आरजे 31 पीए 5858 रुकी हुई थी। बस में विवाद होने पर वह बीच-बचाव करने पहुंचे तो बस चालक राजा सिंह और परिचालक अजय ने उनके साथ मारपीट की। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान उनकी दाढ़ी खींची गई, पगड़ी बिखेर दी गई तथा श्री साहिब को भी खींचकर उतारने का प्रयास किया गया, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं धरने पर बैठे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों के साथ थाना प्रभारी की वार्ता भी हुई। विरोध-प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों में महिलाएं भी शामिल रहीं।
