
डीवाईएफआई ने शुरू किया सदस्यता अभियान, करनीसर में नए सदस्य बनाए
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भारत की जनवादी नौजवान सभा की तहसील कमेटी ने राज्य कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को करनीसर ब्रांच में सदस्यता अभियान चलाया। अभियान के दौरान युवाओं को संगठन से जोड़ते हुए नए सदस्य बनाए गए तथा शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। डीवाईएफआई पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन शिक्षा के निजीकरण, बढ़ती बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी समस्याओं के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाने, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। संगठन ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मंेद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में बिना किसी शर्त के मनरेगा कार्य शुरू करने, लंबित छात्रवृत्तियां शीघ्र जारी करने तथा बेरोजगार भत्ता बिना शर्त तत्काल प्रभाव से शुरू करने की मांग भी उठाई। डीवाईएफआई नेताओं ने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोडक़र उनके अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत किया जाएगा।
