
पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले संपन्न, 312 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण
हनुमानगढ़। जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित 11वीं जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि निवर्तमान सभापति सुमित रणवां रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सचिव एवं प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र खिलेरी ने की। इस अवसर पर युवा उद्यमी परमात्मा सिंह खोसा, एक्सपर्ट स्पोर्ट्स के बलजिंद्र सिंह तथा जिला अध्यक्ष सत्यजीत बेनीवाल, एडवोकेट राघवेन्द्र बिश्नोई सहित खेल प्रेमी एवं खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का समापन 19 जुलाई को होगा। उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया गया।
जिला सचिव नरेंद्र खिलेरी ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में कुल 312 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं, जो जिले में बैडमिंटन के प्रति बढ़ते रुझान का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है और आने वाले दिनों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता में धर्मराज शर्मा रेफरी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन कई रोचक मुकाबले खेले गए। बालक अंडर-11 वर्ग में जयेश राघव करवा ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी को 15-10, 15-10 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। बालिका अंडर-11 वर्ग में प्राप्ति ने प्रियांगी को 15-7, 15-6 से पराजित किया। बालक अंडर-13 वर्ग में मोहम्मद अयान ने कोविद चौधरी को 15-6, 15-12 से हराया, जबकि मनप्रीत सिंह ने मयंक को 17-15, 15-10 से शिकस्त दी।
बालिका अंडर-13 वर्ग में भाव्या शर्मा ने रोमांचक मुकाबले में पहल को 12-15, 15-5, 16-14 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। बालक अंडर-15 वर्ग में शिवम ने तनमय सोनी को 15-6, 15-12 से पराजित किया। बालिका अंडर-15 वर्ग में वर्णिका ने दिव्यांशी को 15-8, 15-6 से हराया। वहीं बालक अंडर-17 वर्ग में ईशान गोदारा ने बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में तनिष को 10-15, 15-12, 17-15 से हराया। बालिका अंडर-17 वर्ग में हिमानी ने वंशिका को 15-4, 15-2 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। प्रतियोगिता के सफल संचालन में अंपायर विनोद जांदू, सुधीर गहलोत, संजय बिश्नोई, विनोद स्वामी, कार्तिक, दीपक, गगनदीप तथा मैच कंट्रोलर धर्मराज ने महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में विभिन्न आयु वर्गों के रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे तथा 19 जुलाई को विजेताओं को सम्मानित कर प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा।

