
– लोकेश कुमार कटारिया ने 565 अंक व कैटेगरी रैंक 653 हासिल कर बढ़ाया विद्यालय का मान
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी के मेधावी छात्र लोकेश कुमार कटारिया ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET (UG)-2026 में शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। लोकेश कुमार कटारिया, जो श्री संजीव कुमार के सुपुत्र हैं, ने परीक्षा में 720 में से 565 अंक प्राप्त करते हुए कैटेगरी रैंक 653 अर्जित की। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार लोकेश की सफलता उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासित अध्ययन, दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने इससे पूर्व केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में भी 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया था। बचपन से ही उनका सपना एक सफल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना रहा है और नीट-यूजी 2026 में मिली यह सफलता उनके इसी लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एल. बी. सुब्बा ने लोकेश को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है, जिसका परिणाम लगातार उत्कृष्ट उपलब्धियों के रूप में सामने आ रहा है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने लोकेश कुमार कटारिया तथा उनके अभिभावकों को इस उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि लोकेश भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे। साथ ही विद्यालय ने कहा कि वह भविष्य में भी विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
