
विधायक गणेशराज बंसल ने युवाओं से खेलों से जुड़ने और नशे से दूर रहने का किया आह्वान
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) भटनेर फुटबॉल क्लब एवं यूनाइटेड फुटबॉल क्लब, हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 7 ए साइड फर्स्ट नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में जिले की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं और इसका समापन 19 जुलाई को होगा। टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल एवं पार्षद प्रमोद सोनी रहे। कार्यक्रम में पूर्व उपसभापति एवं पार्षद नगीना बाई तथा पार्षद गुरदीप सिंह (बब्बी) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का आयोजन समिति की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया। अपने संबोधन में विधायक गणेशराज बंसल ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए युवाओं का खेलों से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। विधायक ने रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए भटनेर फुटबॉल क्लब एवं यूनाइटेड फुटबॉल क्लब की सराहना करते हुए इसे खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने वाला सराहनीय प्रयास बताया।
इस अवसर पर पूर्व उपसभापति नगीना बाई, पार्षद प्रमोद सोनी एवं पार्षद गुरदीप सिंह (बब्बी) ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और खेल संस्कृति को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 16 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। रात्रिकालीन रोशनी में आयोजित यह टूर्नामेंट खेल प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एवं समापन समारोह 19 जुलाई को आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान गुलजार अहमद, योगेश स्वामी, शंभूदयाल स्वामी, यूनुस अहमद, निसार अहमद, आदिल, सुवीन, मनीष, नयूम, सन्नी गिल, जेपी सारण, पंकज सैनी सहित अनेक खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में खेलों के प्रति उत्साह और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।

