
हनुमानगढ़। जिले में पहले चरण की वोटिंग के साथ शुक्रवार को लोकसभा चुनाव का शुभारंभ हो गया था। श्रीगंगानगर और चूरू लोकसभा क्षेत्र के अधीन आने वाले हनुमानगढ़ जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में बनाए गए 1303 मतदान केन्द्रों पर मतदान हुआ। जिले में नोहर में सर्वाधिक और हनुमानगढ़ में सबसे कम वोटिंग हुई।
कुछ मतदान केन्द्रों पर सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। खेतों में फसल कटाई का कार्य चलने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें नजर आईं। हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 270, संगरिया विधानसभा क्षेत्र में 227, पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र में 286, नोहर विधानसभा क्षेत्र में 266 व भादरा विधानसभा क्षेत्र में 254 केन्द्रों पर मतदान हुआ। शहरी क्षेत्र में 243 और ग्रामीण क्षेत्र में 1060 केन्द्रों पर मतदान हुआ। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला प्रशासन चाक-चौबंद रहा।
मतदाताओं ने काम-धंधा छोड़कर घरों से बाहर निकल बूथ पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उत्साही मतदाताओं ने बूथों पर स्थापित सेल्फी पॉइंट पर खड़े होकर अंगुली पर लगी स्याही के साथ सेल्फी ली। 40 मतदान केन्द्रों पर महिला कार्मिकों ने मतदान करवाया। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए पानी और छाया की व्यवस्था रही। दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर और वॉलिंटियर्स उपलब्ध रहे। कई बूथों पर मॉक पोल के दौरान वीवीपैट मशीनें बदली गईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम वेबकास्टिंग के जरिए मतदान केन्द्रों पर मतदान की स्थिति का जायजा लेते रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के साथ जंक्शन में तिलक सर्किल के पास स्थित सरस्वती कन्या महाविद्यालय, श्रीगंगानगर रोड स्थित गांव पक्कासारणा के राजकीय विद्यालय, अयालकी ग्राम पंचायत के राजकीय विद्यालय सहित अन्य शिक्षण संस्थाओं में बनाए गए बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ से मतदान की रिपोर्ट ली। संवेदनशील मतदान केन्द्रों सहित जिले में कुल 652 केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इनके जरिए जिला और एआरओ कंट्रोल रूम में वेबकास्टिंग से सतत निगरानी रखी गई। हनुमानगढ़ जिले में कुल मतदाता संख्या 14 लाख 10 हजार 923 है।
शाम 6 बजे तक यह रहा मतदान का प्रतिशत
विधानसभा वाइज मतदान प्रतिशत की बात करें तो शाम 6 बजे तक हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 63.26 प्रतिशत, नोहर विधानसभा क्षेत्र में 68.44 प्रतिशत, भादरा विधानसभा क्षेत्र में 65.63 प्रतिशत, संगरिया विधानसभा क्षेत्र में 65.09 प्रतिशत और पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र में 67.00 प्रतिशत मतदान हुआ था।
