मक्कासर के ग्रामीणों ने हनुमानगढ़ जंक्शन अनाज मंडी के प्रांगण में बने हुए शैडों को खाली करवाने की मांग की है। इस संबंध में शुक्रवार को ग्रामीणों ने ई-मेल के माध्यम से जिला कलेक्टर के सामने यह समस्या रखी।

शेरसिंह शाक्य ने बताया कि जंक्शन अनाज मंडी में 3 शैड किसानों की फसल को ढेर करने के लिए बने हुए हैं। तीनों ही शैडों में कुछ लोगों की ओर से अपनी निजी व्यवसायिक खरीद कर गेहूं, जौ, धान स्टोर कर रखी हुई है, जबकि गेहूं बेचने के लिए आने वाले किसानों को जगह के अभाव में खुले में अपनी उपज सड़कों पर नाली के समीप रखनी पड़ रही है। इससे केन्द्र सरकार को भी समर्थन मूल्य पर क्रय करने के लिए सही गुणवत्ता की गेहूं मिलने की संभावना नहीं है, क्योंकि खुले में सड़क और कच्ची जगहों पर गेहूं बारिश और मिट्टी से खराब हो जाता है।
उन्होंने बताया कि शैड खाली करवाने के संबंध में कृषि उपज मंडी समिति सचिव की ओर से भी आदेश दिया गया है परंतु अभी तक आदेश की पालना नहीं हुई है। सरपंच बलदेव सिंह, गुरदीप सिंह, महावीर, प्रमिन्द्र सिंह, कृष्णदास आदि के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन में शैड खाली करवा कर किसानों की उपज को खराब होने से बचाने की व्यवस्था करवाने की मांग जिला कलेक्टर से की।
