
डींगवाला| राजकीय सेवा में कार्यरत व्यक्ति के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिजनों ने बस स्टैंड प्रतीक्षालय बनाकर उसकी स्मृति को चिरस्थाई किया है। भागसर के राउमावि में अध्यापक संदीप मूंढ का 15 अक्टूबर 2023 को आकस्मिक निधन हो गया था। पुलिस विभाग में कार्यरत उनके भाई व परिजनों ने इसी विद्यालय के पास स्थित ग्रामीण प्रार्थना बस स्टैंड पर एक प्रतीक्षालय बनाकर आमजन की सेवा के लिए समर्पित किया है। लगभग दो लाख रुपए की लागत से इसका निर्माण करवाया गया है।
संदीप मूंढ के बड़े भाई विनोद मूंढ, पुत्र नीरज व बेटी कनूजा की इच्छानुसार स्वर्गीय कृष्णलाल व संदीप मूंढ की स्मृति में नवनिर्मित इस यात्री प्रतीक्षालय से नागरिकों को धूप, छांव, आंधी, तूफान, बारिश में ग्रामीणों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। गत दिनों इसका लोकार्पण संदीप मूंढ के पुत्र नीरज,भाई विनोद कुमार, रामेश्वर लाल, सुरेन्द्र मूंढ, मनफूल मूंढ, राजाराम मूंढ, निशांत कुमार, चंद्रशेखर, भीमसेन पटीर, सहदेव सिहाग आदि की मौजूदगी में हुआ।
