
श्रीगंगानगर, 13 अगस्त। हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा शहर में एक फल-सब्जी विक्रेता के परिवार के चार बैंक खातों से 10-11 अगस्त की रात को करीब 6 लाख 78 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर या शॉपिंग के जरिए गायब हो गए। पीड़ित नरेंद्रकुमार निवासी चक 12 एसटीबी ओडांवाली, हाल निवासी बीरबल विहार कॉलोनी, पीलीबंगा की शिकायत के आधार पर हनुमानगढ़ के साइबर थाने में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार नरेंद्र पीलीबंगा में फल-सब्जी का व्यवसाय करता हैं। उसके एक बैंक खाते के साथ पत्नी के दो और पिता के एक खाते समेत कुल चार खाते उसके मोबाइल नंबर से लिंक्ड हैं। 10 अगस्त की देर शाम जब वे दुकान पर था और घर जाने की तैयारी कर रहे था, तब मोबाइल पर ओटीपी वाले कई मैसेज आने लगे। घर पहुंचकर दोबारा फोन चेक किया तो और ओटीपी मैसेज आ चुके थे। कुछ गड़बड़ महसूस होने पर उसने मोबाइल फोन में से सिम कार्ड निकाला और सो गया।सुबह करीब 5 बजे जब दोबारा खातों की जांच की तो पता चला कि चारों खातों से कुल 6 लाख 78 हजार रुपये गायब हो चुके हैं। नरेंद्र का कहना है कि उसने किसी को कोई ओटीपी नहीं दिया। उसे नहीं पता कि मोबाइल कैसे हैक हुआ और परिवार के चारों खातों से पैसे कैसे निकाल लिए गए।
वाई-फाई से जुड़ा रहा मोबाइल फोन
पुलिस ने बताया कि नरेंद्र ने सिम कार्ड तो निकाल दिया था, लेकिन घर में चल रहे वाई-फाई नेटवर्क से मोबाइल फोन जुड़ा रहा। इसी वजह से ठगों को खातों तक पहुंच बनाने में मदद मिली। पुलिस को आशंका है कि अनजाने में कोई लिंक खोलने से मोबाइल में हिडन ऐप डाउनलोड हो गया होगा, जिसके जरिए फोन को रिमोटली कंट्रोल कर खातों से लेन-देन किए गए।नरेंद्र ने तुरंत साइबर फ्रॉड संबंधी ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। यह शिकायत जयपुर में जीरो नंबर पर दर्ज हुई। वहां से मिली रिपोर्ट के आधार पर हनुमानगढ़ के साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद कर रहे हैं। पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
