मौसम बदलने के साथ ही डेंगू-मलेरिया के प्रभाव को रोकने के लिए हेल्थ डिपार्टमेंट लगातार आमजन से साफ-सफाई की अपील कर रहा है। इसी के तहत विभाग ने आमजन से रविवार को अपने-अपने घरों में रुके हुए पानी को नष्ट कर सूखा दिवस (ड्राइंग-डे) मनाने की अपील की है।

सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने कहा कि हम सभी को प्रत्येक रविवार को अपने-अपने घरों में रुका हुआ पानी नष्ट कर सूखा दिवस मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें हर रविवार को आधे घंटे के लिए अपने घरों में जमा पानी को नष्ट करना है ताकि हमारा परिवार डेंगू-मलेरिया से सुरक्षित रह सके। इसकी शुरुआत हमें अपने घर से ही करनी होगी। उन्होंने कहा कि यह मच्छर जनित बीमारियां सबसे पहले हमारे घरों से ही पैदा होती हैं। हमारे घरों में रुके हुए साफ पानी में मच्छरों का लार्वा पनपता है। यह लार्वा मच्छर बनकर डेंगू, मलेरिया, चिकन गुनिया, जीका सहित अनेक बीमारियां फैलाता है। हमें अपने घर से ही इस लार्वा को खत्म करना होगा। उन्होंने कहा कि विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर आमजन को अपने-अपने घरों में साफ-सफाई रख मच्छर जनित बीमारियों के प्रति जागरुक कर रहा है।
