तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

हनुमानगढ़ टाउन, शहर के राजवी पैलेस में इस्कॉन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन कीर्तन, श्रीकृष्ण कथा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। सरदारशहर से आए बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम में आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहीं। श्रीकृष्ण कथा का वाचन करते हुए शास्त्र स्वरूप दास ने कहा कि भक्ति के माध्यम से भगवान की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में भगवान के प्रति श्रद्धा, विश्वास और भक्ति का भाव रखना चाहिए। भक्ति केवल धार्मिक भावना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को सकारात्मक दिशा देने के साथ मन को शांति प्रदान करने का माध्यम भी है। महोत्सव के आयोजन में आयोजन समिति के राजेश गोयल, मधुसूदन शर्मा, डॉ. वीएस तिवारी, अंजनी चाचाण एवं त्रिभुवन सिंह राजवी सहित शहर के गणमान्य नागरिकों का सहयोग मिल रहा है। कार्यक्रम के प्रथम दिन का समापन आरती के साथ हुआ। इसके बाद स्थानीय एवं बाहर से आए श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। महोत्सव में कई श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
