दृष्टिकोण क्लब के तत्वावधान में फोटोग्राफी प्रतियोगिता में दिखाई हुनर और कल्पनाशीलता

हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास यूनिवर्सिटी के अधीनस्थ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विभाग एवं दृष्टिकोण क्लब के तत्वावधान में फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी रचनात्मक सोच, फोटोग्राफी कौशल और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बीजेएमसी के विद्यार्थी नवताज और सन्ना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने कैमरे के माध्यम से विभिन्न विषयों को अपने अनूठे नजरिए से प्रस्तुत किया और फोटोग्राफी की बारीकियों के साथ अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध करवाना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और नए प्रयोग करने का अवसर देती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विभाग के विभागाध्यक्ष लवप्रीत सिंह ने कहा कि फोटोग्राफी पत्रकारिता एवं जनसंचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रभावी तस्वीर कई शब्दों से अधिक असर छोडऩे की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोडऩे के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि उनके कौशल का बेहतर विकास हो सके। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी विभाग एवं दृष्टिकोण क्लब की ओर से विद्यार्थियों के लिए फोटोग्राफी सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
