युवा सम्मेलन में शामिल हुए भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा
हनुमानगढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद प्रथम बार हनुमानगढ़ पहुंचे शंकर गोरा ने जिला भाजपा कार्यालय में भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील जोशी की अध्यक्षता में आयोजित युवा सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन में जिलेभर से आए युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने युवाओं को संबोधित करते हुए आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और उनकी सक्रियता से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जिलेभर के नगर निकायों में भाजपा का कमल खिलाने के लिए पूरी सक्रियता, समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। गोरा ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाते हुए चुनावी मैदान में पूरी ताकत से जुटना होगा। भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुशील जोशी ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा को सफलता दिलाने के लिए युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पूरी ताकत और एकजुटता के साथ मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में संगठन की मजबूती और भाजपा की सफलता के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, जिला प्रभारी दिनेश धाभाई, भाजपा प्रत्याशी अमित चौधरी, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री आदित्य पुजारी, प्रदेश मंत्री राहुल लेघा, प्रदेश पदाधिकारी नवदीप पांडर सहित जिलेभर से आए युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
