जन्माष्टमी पर भजन, नृत्य, कविता और बाल लीलाओं की दी शानदार प्रस्तुतियां

हनुमानगढ़। टाउन स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया गया। इस मौके पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय नजर आया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, बाल लीलाओं एवं उनके आदर्शांे पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सुंदर प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत भजन, नृत्य, कविता तथा भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यालय परिसर में सजाई गई आकर्षक राधा-कृष्ण झांकी भी सभी के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. सागरमल लड्ढा ने कहा कि जन्माष्टमी केवल उत्सव नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रेम, सत्य, धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला पावन पर्व है। विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के आदर्शांे को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। डायरेक्टर गोपाल लड्ढा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। विद्यार्थियों को परिणाम की चिंता किए बिना निरंतर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते रहना चाहिए। कोषाध्यक्ष कपिल लड्ढा ने कहा कि यह पावन पर्व जीवन में प्रेम, प्रसन्नता, आपसी भाईचारे और संस्कारों का संदेश लेकर आता है। हमें अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को सम्मान के साथ आगे बढ़ाना चाहिए। प्रधानाचार्या नेहा शर्मा ने कहा कि विद्यालय में आयोजित ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों से जोडऩे का सशक्त माध्यम हैं। इनके माध्यम से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होता है। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट एवं ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा।
