शहीदी जोड़ मेले को लेकर गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठों की लड़ीवार श्रृंखला जारी


हनुमानगढ़ टाउन, स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, शहीद बाबा महताब सिंह, छावनी बूढ़ा दल में 9 व 10 सितम्बर को आयोजित होने वाले सालाना शहीदी जोड़ मेले को लेकर तैयारियां जारी हैं। जोड़ मेले के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में लड़ीवार अखंड पाठों की श्रृंखला चल रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को 17 अखंड पाठों के विधिवत भोग डाले गए, जबकि 16 नए अखंड पाठों का प्रकाश कराया गया। अखंड पाठों का प्रकाश करवाने वाले परिवारों को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। अखंड पाठों के भोग के मौके पर बड़ी संख्या में संगत गुरुद्वारा साहिब पहुंची और गुरु चरणों में माथा टेककर अरदास में शामिल हुई। भोग के उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। सेवादार बाबा जोगा सिंह ने बताया कि सालाना जोड़ मेले के तहत 9 सितम्बर को रात्रि दीवान सजाए जाएंगे। वहीं 10 सितम्बर को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के चल रहे 101 श्रृंखला के अखंड पाठों के भोग डाले जाएंगे। इसके पश्चात खुले दीवान सजाए जाएंगे। 10 सितम्बर को आयोजित होने वाले खुले दीवानों में देशभर से पंथ की प्रमुख धार्मिक एवं राजनीतिक हस्तियां, संत-महापुरुष, निहंग सिंह जत्थेबंदियों के मुखी साहिबान तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मुख्य सेवादार गुरप्रीत सिंह सहित अनेक प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। श्री दरबार साहिब, श्री अमृतसर के हजूरी रागी जत्थे की ओर से गुरबाणी कीर्तन किया जाएगा। वहीं सुखजीत सिंह कनईया कथा वाचक सहित खालसा पंथ के प्रमुख रागी, ढाडी एवं कथावाचक गुरु इतिहास और गुरमत विचारों से संगत को निहाल करेंगे। जोड़ मेले के दौरान अमृत संचार भी कराया जाएगा। जोड़ मेले को लेकर गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धालुओं की लगातार आमद बनी हुई है। वहीं सेवादार विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
