ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज

हनुमानगढ़। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत हनुमानगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थांे की तस्करी से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर की करीब 45 लाख रुपए कीमत की कृषि भूमि फ्रीज की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से तीन प्रकरण दर्ज हैं और वह लंबे समय से मादक पदार्थांे की तस्करी में लिप्त रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि जिले में मादक पदार्थांे की तस्करी पर अंकुश लगाने, नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नशा तस्करी से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार फ्रीज एवं जब्ती की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने बताया कि शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई के निकटतम सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी मीनाक्षी सहारण के नेतृत्व में सदर पुलिस थाना प्रभारी राजीव रॉयल मय टीम ने कार्रवाई की। टीम ने सदर थाना के आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गग्गू (30) पुत्र कौर सिंह बराड़ निवासी वार्ड नंबर 10, उत्तमसिंहवाला की चक 7 यूटीएस में स्थित 0.537 हेक्टेयर कृषि भूमि को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज किया। पुलिस के अनुसार उक्त भूमि की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपए है।
100 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ पकड़ा गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल 2023 को उप निरीक्षक लखवीर सिंह मय टीम ने कार सवार गगनदीप सिंह उर्फ गग्गू और मांगीलाल को 100 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से एक कार भी बरामद की गई थी। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। पुलिस की वित्तीय जांच में सामने आया कि गगनदीप सिंह के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं पाया गया। पुलिस के अनुसार नशा तस्करी से अर्जित धन से ही चक 7 यूटीएस में उक्त कृषि भूमि खरीदी गई थी। इसी आधार पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत भूमि को फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।
अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई जारी रहेगी
जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने कहा कि नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर चोट पहुंचाने के साथ-साथ अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत फ्रीज एवं जब्त करने की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
