9 सितम्बर की रात खुले दीवान, 10 को अखंड पाठों के भोग व अमृत संचार; देशभर से धार्मिक हस्तियां करेंगी शिरकत


हनुमानगढ़ टाउन। टाउन स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखा सिंह, शहीद बाबा महताब सिंह एवं छावनी बुढ्ढा दल में सालाना जोड़ मेले का आयोजन 10 सितम्बर 2026 को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाएगा। यह धार्मिक समागम पंथ की महान शख्सियत शिरोमणि सेवा रतन, शिरोमणि पंथ रतन, सिंह साहिब जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह अकाली 96वें करोड़ी, 14वें मुखी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ्ढा दल (पंजाब) के पावन संरक्षण में आयोजित हो रहा है। जोड़ मेले को लेकर गुरुद्वारा साहिब में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक विद्युत लड़ियों से सजाया जा रहा है। वहीं, मेले के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में लड़ीवार श्री अखंड पाठ साहिब की श्रृंखला निरंतर चल रही है। मुख्य सेवादार बाबा जोगा सिंह ने समागम के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 9 सितम्बर की रात्रि को भव्य खुले दीवान सजाए जाएंगे। इसमें पंथिक रागी, ढाडी एवं कथावाचक संगत को गुरबाणी तथा सिख इतिहास से जोड़ेंगे। इसके बाद मुख्य दिवस 10 सितम्बर को लड़ीवार अखंड पाठ साहिब के विधिवत भोग डाले जाएंगे। भोग उपरांत विशाल खुले दीवान सजेंगे, जिनमें धार्मिक विद्वान एवं पंथिक रागी जत्थे गुरबाणी का गायन कर संगत को निहाल करेंगे। जोड़ मेले के दौरान विशेष रूप से खंडे-बाटे का अमृत संचार भी करवाया जाएगा। बाबा जोगा सिंह ने बताया कि जो श्रद्धालु अमृत छककर गुरु के लड़ लगना चाहते हैं, वे समय रहते अपना नाम गुरुघर के मुख्य कार्यालय में दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सालाना जोड़ मेले में प्रमुख धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, निहंग सिंह जत्थेबंदियों के प्रमुख साहिबान तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के मुख्य सेवादार विशेष रूप से शिरकत करेंगे। जोड़ मेले को लेकर साध-संगत में भारी उत्साह है। बाबा जोगा सिंह ने समस्त साध-संगत से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में जोड़ मेले में पहुंचकर गुरबाणी का श्रवण करें, गुरु ग्रंथ साहिब जी का आशीर्वाद प्राप्त करें और धार्मिक समागम में अपनी सहभागिता दर्ज करवाएं।
