
बाड़मेर। बाड़मेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसे। कहा कांग्रेस के लोगों में से राम निकल गया है। लोगों से कहा-आप मांगते-मांगते थक जाएंगे, हम देते-देते नहीं थकेंगे। सीएम भजनलाल शर्मा शनिवार को बाड़मेर के गुड़ामालानी के खुडाला गांव पहुंचे थे। यहां देवासी समाज के मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में वे शामिल हुए। सीएम ने मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की। साधु संतों से आशीर्वाद लिया। महोत्सव में सीएम भजनलाल शर्मा ने संबोधित किया। कहा-आप सबको विश्वास दिलाता चाहता हूं कि आप मांगते-मांगते थक जाओगे और हम देते-देते नहीं थकेंगे। सी.एम. भजनलाल शर्मा शनिवार को भाटाला हेलिपैड पहुंचे। यहां से खांटोणा देवासी समाज मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पहुंचे। मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्जना के दौरान मंत्री के.के. विश्नोई, ओटाराम देवासी, विधायक हमीर सिंह भायल, आदूराम मेघवाल, भाजपा नेता और साधु संतों की भी उपस्थिति रही। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा देवासी समाज पशुपालन से देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत करता है। देश को मजबूती प्रदान करने में देवासी समाज का बड़ा योगदान है। पशुपालक हमारे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं। हमने किसान क्रेडिट के साथ पशु धन के लिए क्रेडिट देने की योजना बनाई है। देवासी समाज का देश की संस्कृति को बनाए रखने में बहुत बड़ा योगदान रहा है। सीएम ने कहा कइयों ने कांग्रेस के टिकट वापस कर दिए। बोले मुझे जबरदस्ती टिकट दे दी मैं लडऩा ही नहीं चाहता था। कई बोलते हैं मैं तो विदेश में था मेरे कोई बिना मांगे टिकट दे दी। यह कांग्रेस की स्थिति हो रही है। सीएम ने कहा-महाराज ने पत्र दिया है, आज कुछ नहीं कहूंगा। लेकिन यह विश्वास दिलाता चाहता हूं कि जो महाराज जी और ओटाराम जी ने कह दिया, आपकी बात पूरी होगी। सीएम ने कहा-पीएम मोदी ने 2014 के बाद गरीब और किसान की परिभाषा को बदलने का काम किया है। गरीबी वो ही जानता है जो गरीबी से निकला हुआ हो। हमारे पीएम नरेंद्र मोदी गरीबी से निकल कर आए और गरीबी के दुख और दर्द को जानते हैं। पीएम ने गरीब कल्याण की योजनाओं को पीएम मोदी ने आगे बढ़ाने का काम किया। पीएम मोदी ने महिलाओं को शौचालय बना कर सम्मान दिया। कई पार्टियां गरीबी हटाने का नारा देती है। लेकिन उस गरीब से उस पार्टी का कभी वास्ता नहीं रहा है। गरीबी से वास्ता रहा है तो पीएम नरेंद्र मोदी का रहा है। गरीब का सहारा बनकर उनको आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
