मॉडल्स के जरिए विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक प्रतिभा, मुख्य अतिथि ने बताए सफलता के तीन मंत्र

हनुमानगढ़। स्थानीय सरस्वती कॉन्वेंट स्कूल के मकुंस प्ले विंग में बुधवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में कक्षा 2 से 4 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल तैयार किए। इनमें सोलर सिस्टम, जल चक्र, वायु प्रदूषण, स्मार्ट सिटी, ज्वालामुखी विस्फोट, मानव शरीर के प्रमुख अंग और पर्यावरण संरक्षण सहित कई विषयों को मॉडल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल के बारे में निर्णायक मंडल को विस्तार से जानकारी दी। निर्णायक मंडल ने प्रत्येक स्टॉल का अवलोकन करने के साथ ही विद्यार्थियों से मॉडल से संबंधित सवाल भी पूछे। नन्हें विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए और अपनी समझ का परिचय दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती रेखा दादरी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल्स की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को उत्साहवर्धक बताया। उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए सफलता के तीन मंत्र दिए—सवाल पूछना कभी मत छोड़ना, असफलता से कभी मत डरना और हमेशा बड़े सपने देखना।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ उनकी कल्पनाशक्ति, जिज्ञासा और समस्या समाधान की क्षमता को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में बच्चों को प्रयोग और नवाचार के अवसर मिलने से उनमें सीखने की रुचि और आत्मविश्वास मजबूत होता है। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह ने अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ का भी ध्यान आकर्षित किया।
