जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, ड्रग विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जांच कराने की मांग

हनुमानगढ़। मेडिकल स्टोर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर जिला कैमिस्ट एसोसिएशन हनुमानगढ़ ने आपत्ति जताई है। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की प्रक्रिया पर सवाल उठाए और मेडिकल स्टोर की जांच के दौरान ड्रग विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग की। जिला कैमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि मेडिकल स्टोर के लाइसेंस और दवाइयों से संबंधित कार्रवाई के लिए ड्रग विभाग अधिकृत विभाग है। ऐसे में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बिना कमेटी गठित किए सीधे मेडिकल स्टोर की जांच करना तथा संचालकों से जवाब मांगना उचित प्रक्रिया नहीं है। एसोसिएशन ने कलाना गांव में हुई कार्रवाई पर भी अपना विरोध दर्ज कराया।
जिला महासचिव एवं सचिव महेंद्र कासनिया ने कहा कि ड्रग विभाग ही मेडिकल स्टोर के लाइसेंस से संबंधित सक्षम प्राधिकारी है। उन्होंने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में ऐसी दुकानें भी संचालित हो रही हैं, जहां बिना ड्रग लाइसेंस के दवाइयों की बिक्री किए जाने का आरोप है। एसोसिएशन का कहना है कि ऐसे मामलों में कार्रवाई करने के बजाय लाइसेंस लेकर नियमों के तहत दुकान संचालित करने वाले छोटे मेडिकल स्टोर संचालकों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है।
कासनिया ने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में छोटे मेडिकल स्टोर संचालित हैं। इनमें कई दुकानदार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और सीमित संसाधनों में अपना व्यवसाय चला रहे हैं। ऐसे दुकानदारों पर अचानक अतिरिक्त कार्रवाई या आर्थिक बोझ डालना उनके लिए परेशानी का कारण बन सकता है। एसोसिएशन ने सरकार एवं प्रशासन से इस संबंध में आवश्यक शिथिलता देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के समक्ष राज्य सरकार के संबंधित आदेशों की प्रतियां भी प्रस्तुत कीं। साथ ही मेडिकल स्टोर की जांच एवं कार्रवाई के दौरान उत्पन्न होने वाली व्यावहारिक समस्याओं से भी प्रशासन को अवगत कराया। एसोसिएशन ने कहा कि प्रशासन यदि नियमानुसार जांच करना चाहता है तो संगठन को इसमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जांच प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप होनी चाहिए। एसोसिएशन ने मांग की कि मेडिकल स्टोर से संबंधित जांच के लिए एक कमेटी गठित की जाए, जिसमें ड्रग विभाग के अधिकारी भी शामिल हों। ऐसी व्यवस्था में जांच किए जाने पर जिला कैमिस्ट एसोसिएशन प्रशासन को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार है। जिला कलेक्टर ने कैमिस्ट प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर उचित निर्णय लेते हुए नियमों के अनुरूप जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। ज्ञापन देने वालों में पवन सिंगला, पप्पू गोयल, अजय बंसल, कमल बंसल, अनिल अग्रवाल, प्रह्लाद हिसारिया सहित जिला कैमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
