
जयपुर। लोकसभा चुनाव 2024 के तहत राजस्थान की सबसे हॉट सीट बांसवाड़ा डूंगरपुर लोकसभा सीट पर 25 अप्रेल को वोटिंग होगी। कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। गरमी के इस मौसम में बांसवाड़ा डूंगरपुर का सियासी पारा रविवार को उछाल मार रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को बांसवाड़ा के कॉलेज मैदान में आयोजित रैली में कांग्रेस पर चुन चुनकर हमले किए वहीं जनता को भाजपा की उपलब्धियों के बारे में बताया। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजस्थान ने मोदी की वाणी का मान रखा इसलिए मैं हाथ जोडक़र आपको नमन करता हूं। यहां की वीर धरा ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है। अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि राजस्थान में जादूगर का जादू नहीं चला। भारत में स्थिर और मजबूत सरकार जरूरी है। एक ऐसी सरकार जो सरहदों की रक्षा कर सके और जरूरत पड़े तो पाताल में भी घुसकर दुश्मनों का सफाया करे। देश में एक ही बात, 4 जून को 400 पार। बांसवाड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए, आपके सपनों को पूरा करने के लिए, देश के विकास के लिए मोदी पूरे देश, राजस्थान, बागड़ से आशीर्वाद मांगने आया है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सुशासन का एक उम्दा मंत्र लेकर समर्पण भाव से काम कर रही है।
