निकाय चुनाव में विजयी पार्षदों का होगा सम्मान, तैयारियों को लेकर बैठक में बनी रणनीति

हनुमानगढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर 11 अक्टूबर को शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। जयंती समारोह की तैयारियों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर गुरुवार को संस्था की बैठक आयोजित की गई। सचिव महक गर्ग की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। सचिव महक गर्ग ने कहा कि श्रीराम वंशज महाराजा अग्रसेन की जयंती अग्रवाल समाज के लिए विशेष महत्व रखती है। महाराजा अग्रसेन ने समाज में समानता, सहयोग, परस्पर भाईचारे और सेवा की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जयंती पर शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने समाज के अधिक से अधिक लोगों से शोभायात्रा में शामिल होकर समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया।
निकाय चुनाव में विजयी पार्षदों का सम्मान
जिलाध्यक्ष राधाकृष्ण सिंगला ने बताया कि जयंती समारोह के दौरान हाल ही में हुए निकाय चुनावों में विजयी सभी पार्षदों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी संभालने वाले समाज के लोगों को सम्मानित करना उनके प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर होगा। बैठक में शोभायात्रा के मार्ग, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के साथ-साथ समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क कर उन्हें समारोह से जोड़ने पर जोर दिया। संरक्षक राजेश दादरी ने कहा कि शहर में अग्रवाल समाज की विभिन्न संस्थाएं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से योगदान दे रही हैं। अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा का उद्देश्य समाज के लोगों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ाना और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा और मजबूती मिल सकती है। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों एवं आदर्शों को समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। जयंती समारोह के माध्यम से सामाजिक एकता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर उपाध्यक्ष गणेश गोयल, कोषाध्यक्ष मुरलीधर गर्ग, सहसचिव मनोज सिंगला तथा सहकोषाध्यक्ष योगेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
