जिला कांग्रेस कमेटी ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ की ओर से गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए आदर्शों एवं सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में किया गया। जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से देशवासियों को स्वतंत्रता आंदोलन से जोड़ा और एकजुट किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन सादगी, त्याग और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करने में प्रासंगिक हैं। लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मक्कासर ने कहा कि शास्त्रीजी ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन में सर्वोच्च स्थान दिया। देश के चुनौतीपूर्ण दौर में उन्होंने दृढ़ नेतृत्व प्रदान किया। उनका जीवन राष्ट्रसेवा और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचारों एवं आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देशवासियों को एकजुट किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सरल व्यक्तित्व और मजबूत संकल्प से देश के सामने सादगी एवं राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। दोनों महापुरुषों का जीवन त्याग और देश के प्रति समर्पण की भावना से प्रेरित रहा। पार्षद गुरदीप चहल ने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन से युवाओं को विशेष रूप से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। देश और समाज की प्रगति के लिए ईमानदारी, अनुशासन, आपसी भाईचारे एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जरूरी है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि उनके विचारों को अपने आचरण में उतारने का प्रयास करने से ही होगी। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह चहल, प्रवक्ता मोहनलाल ईनदलिया, जिला ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सोनी, गुरलाल मान, तरसेम डायरेक्टर, उग्रसेन बहू, मनोज, जोतराम सहारण, रूपराम, रामचंद्र त्यागी, संजय वर्मा, रोहित मूंड एवं मोहित मूंड सहित कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
