
हनुमानगढ़। रूसी क्रांति के जनक माने जाने वाले व्लादिमीर लेनिन की जयंती सोमवार को जंक्शन की अनाज मंडी में पल्लेदार यूनियन की ओर से मनाई गई। सीटू के जिला महासचिव शेर सिंह शाक्य की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले लेनिन की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया।
इस मौके पर शेरसिंह शाक्य ने कहा कि रूस में मार्क्सवाद को ठीक से लागू किया गया था। मार्क्सवाद के एक महान सिद्धांतकार के रूप में विश्व में सार्वभौमिक क्रांति में लेनिन का योगदान निर्विवाद है। वैश्विक पार्टी के नेतृत्व में रूस में मजदूर वर्ग की क्रांति ने दुनिया को स्तब्ध कर दिया। रूसी क्रांति के बाद रूस ने पूरी दुनिया में एक शक्तिशाली समाजवादी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई। लेनिन के नेतृत्व में रूस में राज्य के स्वामित्व वाले उद्यम, सहकारी कृषि और भूमि सुधार जैसी नीतियां अपनाई गईं।
उन्होंने कहा कि रूस में मार्क्सवाद का झंडा बुलंद करने वाले ये विचारक आज भी दुनिया के कई देशों में जिंदा हैं। चीन और उत्तर कोरिया इसकी जीती जागती मिसाल हैं, जहां कम्युनिस्ट सरकारों का वर्षों से राज है। लेनिन ने रूस को अपने शासन में मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ वो उस सोच को विकसित करने में कामयाब रहे, जिसकी बदौलत रूस लगातार तरक्की करता रहा। लेनिन ने रूसी अर्थव्यवस्था को एक समाजवादी मॉडल में बदलने का प्रयास किया।
शाक्य ने कहा कि मानव समाज के विकास के लिए पूंजीवाद नहीं समाजवाद ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने महान क्रांतिकारी लेनिन को मार्क्सवाद का सफल क्रियान्वयनकर्ता बताया। इस मौके पर मुकद्दर अली, गुरनायब सिंह, रिछपाल सिंह, वली शेर, ओम प्रकाश, मकबूल खान, सुल्तान खान, तरसेम सिंह, वारिस अली, अनवर खान आदि मौजूद थे।
