
हनुमानगढ़। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) धनपत माली ने जिला कारागृह में पौधारोपण किया। उन्होंने बंदियों को बताया कि इस साल विश्व पृथ्वी दिवस की ‘थीम प्लेनेट वर्सेज प्लास्टिक’ रखी गई है। इस थीम का उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को समाप्त कर इस पृथ्वी की रक्षा करने से है। हम सभी को आज के दिन यह प्रण लेना चाहिए कि हम वायु, ध्वनि, ग्लोबल वार्मिंग, पर्यावरण प्रदूषण आदि से हमारी पृथ्वी को बचाएंगे।
सचिव ने जिला कारागृह का साप्ताहिक निरीक्षण करते हुए बंदियों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता की जांच की। इसके बाद जेल परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बंदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता, धारा 436ए के तहत जमानत का लाभ प्राप्त करने आदि के संबंध में विधिक जानकारी प्रदान की गई।
