कार्यस्थल पर तनाव के शुरुआती संकेत पहचानने और प्रभावी प्रबंधन के बताए उपाय


हनुमानगढ़। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा हनुमानगढ़ एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत तनाव प्रबंधन और आत्महत्या रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में चल रही जागरूकता गतिविधियों की श्रृंखला में मंगलवार को महिला थाना परिसर में कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। रेडक्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य माह के दौरान जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में महिला थाना परिसर में आयोजित सत्र में मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग की सहायक आचार्य डॉ. स्नेहलता एवं हॉस्पिटल मैनेजर सुनील शर्मा ने पुलिस कार्मिकों को कार्यस्थल पर उत्पन्न होने वाले तनाव, उसके शुरुआती संकेतों तथा तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के उपायों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि लंबे समय तक बना रहने वाला तनाव व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसलिए तनाव के शुरुआती लक्षणों को पहचानकर समय रहते उचित कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल बनाए रखने, काम और व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन रखने तथा सहकर्मियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया।
सत्र के दौरान टीम वर्क, आपसी सहयोग और कार्यों के उचित विभाजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने कहा कि कार्यस्थल पर सहयोगात्मक वातावरण से तनाव को कम करने के साथ-साथ कर्मचारियों की कार्यक्षमता और मानसिक संतुलन को बनाए रखने में भी मदद मिलती है।\
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव रामनिवास मांडण ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय उनके बारे में खुलकर बात करनी चाहिए और आवश्यकता महसूस होने पर विशेषज्ञ की सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम में महिला थानाधिकारी श्रीमती चंद्रकला, सीएमएचओ कार्यालय से डीपीओ अंजू बाला, सामाजिक कार्यकर्ता राजेश कुमारी, तंबाकू प्रकोष्ठ से त्रिलोकेश्वर शर्मा सहित महिला थाना के समस्त कार्मिक मौजूद रहे।
सत्र के दौरान पुलिस कार्मिकों ने तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के अंत में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा तनाव और आत्महत्या की रोकथाम के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित करने पर जोर दिया गया।
