35 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद 27 प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

हनुमानगढ़। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), हनुमानगढ़ की ओर से आयोजित 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक परवेश सोलंकी मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अग्रणी बैंक के मुख्य प्रबंधक सुरेंदर सिंह ने की। मुख्य अतिथि परवेश सोलंकी ने कहा कि कौशल विकास से जुड़े ऐसे प्रशिक्षण युवाओं, विशेषकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलते हैं, जिससे वे अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकती हैं।
प्रशिक्षण शिविर में कुल 27 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मुख्य प्रशिक्षक मनप्रीत सोनी ने 35 दिनों तक प्रतिभागियों को जूनियर ब्यूटी प्रैक्टिशनर से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान सौंदर्य सेवाओं की आधुनिक तकनीकों के साथ ग्राहकों के व्यवहार, स्वच्छता, सेवा प्रबंधन तथा स्वरोजगार शुरू करने के लिए आवश्यक व्यावसायिक कौशल की जानकारी दी गई।समापन अवसर पर डोमेन असेसर हरप्रीत कौर एवं ईडीपी असेसर वीरेंद्र भारद्वाज ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन में सफल रहे सभी प्रशिक्षार्थियों को अतिथियों एवं संस्था के अनुदेशक मुकेश भानुशाली, अनिल सिंह राठौड़, कार्यालय सहायक गणेशराम तथा रितिक अरोड़ा ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। संस्था के अनुदेशक मुकेश भानुशाली एवं अनिल सिंह राठौड़ ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी ब्यूटी एवं वेलनेस क्षेत्र में अपनी सेवाएं शुरू कर आय का स्थायी साधन विकसित कर सकते हैं। जिला अग्रणी बैंक के मुख्य प्रबंधक सुरेंदर सिंह ने कहा कि आरसेटी का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे अपने कौशल का उपयोग कर स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी सफल प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सूरज कुमार एवं विकास कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
