15 दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं, ग्रामीणों ने पुलिस को दी आंदोलन की चेतावनी

हनुमानगढ़। खेतों में लगे ट्यूबवेलों की बिजली केबल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से किसान परेशान हैं। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले गांव मक्कासर की विभिन्न ढाणियों के ग्रामीणों ने मंगलवार को जंक्शन थाना अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। ज्ञापन सरपंच बलदेव मक्कासर एवं ओम मक्कासर के नेतृत्व में सौंपा गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से क्षेत्र के किसानों के खेतों में लगे ट्यूबवेलों की बिजली केबल काटकर चोरी की जा रही है। चोर रात के समय खेतों में पहुंचकर ट्यूबवेल की तारें काटकर ले जाते हैं। लगातार हो रही चोरी के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, केबल चोरी होने से ट्यूबवेल बंद हो जाते हैं, जिससे फसलों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। किसानों ने बताया कि खेती के महत्वपूर्ण समय में बिजली की केबल चोरी होने से उन्हें दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है। एक तरफ नई केबल खरीदने पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर समय पर सिंचाई नहीं होने से फसल प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने कहा कि खेतों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण किसान रात के समय स्वयं खेतों की निगरानी करने को मजबूर हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में ग्रामीणों ने यह भी बताया कि ट्यूबवेलों से केबल चोरी की घटनाओं को लेकर पहले भी जंक्शन थाना में परिवाद दिए जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई के अभाव में चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं और लगातार किसानों को निशाना बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से किसानों की संपत्ति और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चोरी की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि ट्यूबवेल केबल चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो अखिल भारतीय किसान सभा एवं ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने पूर्व में दर्ज परिवादों पर भी कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और किसानों को राहत दिलाने की मांग की।
