10 से 20 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान, कलश यात्रा के साथ होगी शुरुआत; प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

हनुमानगढ़ टाउन। शहर के मिथिला कॉलोनी में 21वें श्री दुर्गा पूजा महोत्सव का शुभारंभ 10 अक्टूबर से होने जा रहा है। श्री दुर्गा पूजा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित यह 11 दिवसीय महोत्सव 20 अक्टूबर तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। वार्ड नंबर 45 स्थित मिथिला हनुमान मंदिर परिसर में मां भगवती का भव्य दरबार सजाया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भव्य कलश यात्रा से होगी महोत्सव की शुरुआत
महोत्सव के पहले दिन 10 अक्टूबर को विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा श्री सनातन धर्म महावीर दल धर्मशाला स्थित हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद रवाना होगी। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली इस यात्रा में श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन करेंगे। यात्रा वापस मिथिला कॉलोनी स्थित मिथिला हनुमान मंदिर परिसर के दुर्गा पूजा पंडाल में पहुंचेगी, जहां विधिवत घट स्थापना के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा।
प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को मिथिला कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर से विशेष प्रचार रथ रवाना किया गया। एक नन्हीं कन्या ने धर्म ध्वजा दिखाकर रथ को रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां भगवती के जयकारे लगाए। प्रचार रथ हनुमानगढ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी देगा। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुष्ठानों, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
21वें महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह
श्री दुर्गा पूजा सेवा समिति के प्रधान बलदेव दास ने बताया कि महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजन स्थल पर पंडाल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। समिति का प्रयास है कि सभी धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हों। इस अवसर पर समिति संरक्षक अशोक गौतम, प्रमोद यादव, देवकीनंदन चौधरी, प्रधान बलदेव दास, सचिव दिलखुश मंडल, सहसचिव सुरेश दास, कोषाध्यक्ष शिवचंद यादव, सहकोषाध्यक्ष कमलेश यादव, उपप्रधान धर्मेंद्र दास, सहप्रवक्ता अमित मिश्रा, बहरू ठाकुर, श्याम दास, पंडित मुरारी लाल शास्त्री, अमरजीत चौधरी, जयप्रकाश, कुलदीप, पप्पू यादव, मंटू राय, श्याम चौधरी, पंडाल प्रभारी संदीप महंतो, विकास रंगीला और सुरेश सोनी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चे मौजूद रहे।
महोत्सव अवधि: 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक
आयोजन स्थल: मिथिला हनुमान मंदिर परिसर, मिथिला कॉलोनी, वार्ड नंबर 45, हनुमानगढ़ टाउन
