प्रदेश, जिला और स्थानीय इकाइयों की पदाधिकारियों ने साझा किए विचार, समाजहित में कार्य करने का लिया संकल्प

हनुमानगढ़ टाउन। स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल के तत्वावधान में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को श्री माहेश्वरी भवन में प्रादेशिक, जिला एवं स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला सशक्तिकरण, समाज में महिलाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संगठन को अधिक मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3:15 बजे भगवान महेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल की ओर से प्रदेश, जिला एवं विभिन्न इकाइयों से पहुंचीं पदाधिकारियों को शॉल एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए माहेश्वरी महिला मंडल की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता बिहाणी (श्रीगंगानगर) ने समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन के विस्तार और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। बैठक में उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित में प्रभावी भूमिका निभाने को लेकर सुझाव दिए।
स्थानीय महिला मंडल की अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने प्रदेश अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि हनुमानगढ़ टाउन की इकाई सामाजिक दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेगी। साथ ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में आंचलिक सहप्रभारी सरिता बिहाणी (श्रीगंगानगर), प्रदेश संयुक्त मंत्री संतोष चाण्डक (श्रीगंगानगर), प्रदेश संगठन मंत्री सरोज लखोटिया (श्रीगंगानगर), प्रदेश संयुक्त मंत्री पूजा सारड़ा (रावतसर), जिला सचिव निर्मला चाण्डक (पीलीबंगा) तथा अखिल भारतीय महिला संगठन की कार्यकारिणी सदस्य हंसा चिंतलागिया (हनुमानगढ़ जंक्शन) सहित विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहीं। इसके अलावा संगरिया, पीलीबंगा, रावतसर और नोहर की महिला मंडल इकाइयों की प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन माहेश्वरी महिला मंडल एवं माहेश्वरी सेवा समिति (रजि.) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष, सचिव, संगठन मंत्री एवं अन्य पदाधिकारियों ने सहयोग दिया। मंच संचालन लविशा मुंदड़ा और चेतना चांडक ने किया।
शाम 6:15 बजे बैठक का समापन हुआ। इस अवसर पर स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष सीमा सोनी एवं सचिव मिनाक्षी सोमानी ने सभी अतिथियों और माहेश्वरी सेवा समिति के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात उपस्थितजनों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
